सार
यह पेपर संकट के प्रति ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के प्रतिक्रियाओं पर विशेष ध्यान देने के साथ ओशिनिया क्षेत्र में कोविड-19 के प्रकोप और प्रतिक्रियाओं के विश्लेषण पर केंद्रित है। यह प्रशांत द्वीप समूह में वायरस के प्रकोप के शुरुआती चरणों की भी समीक्षा करता है।
जबकि विश्व हमारे समय में वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य के प्रति सबसे बड़ी चुनौतियों, चीन के वुहान, हुबेई प्रांत से शुरू नए कोरोनावायरस (कोविड-19) के प्रकोप और तेजी से बढ़ते मामलों से निपटने के लिए संघर्ष कर रहा है, पर वह अब पूरे विश्व में फैल चुका है। 11 मार्च 2020 को, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने प्रसार और गंभीरता के स्तरों का आंकलन करते हुए, कोविड-19 प्रकोप को 'महामारी' घोषित किया है। यह 'महामारी' पहले ही दुनिया भर में बड़े पैमाने पर मानव, सामाजिक और आर्थिक नुकसान का कारण बना है। ओशिनिया के देशों, विशेष रूप से ऑस्ट्रेलिया में कोविड-19 मामलों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। न्यूजीलैंड ने भी हाल के दिनों में कोविड-19 के मामलों में बड़ी संख्या की सूचना दी है। यहां तक कि दक्षिण प्रशांत में दूर स्थित छोटे द्वीप राज्य भी वायरस से बच नहीं पाए हैं और उनमें से कई देशों ने कुछ पॉजिटिव मामलों की सूचना दी है।
ऑस्ट्रेलिया में कोविड-19 का प्रकोप और प्रतिक्रिया
ऑस्ट्रेलिया में कोविड-19 के पहले मामलों की पहचान जनवरी 2020 के अंत में हुई थी। मार्च की शुरुआत के बाद से यह संख्या तेजी से बढ़ी है।1 ऑस्ट्रेलिया ने अब अपने सभी क्षेत्रों में पॉजिटिव मामले दर्ज किए हैं, जिनमें से न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) में अधिकतम मामले दर्ज किए गए हैं।2 सिडनी, ब्रिस्बेन और मेलबर्न सहित प्रमुख पूर्वी तट शहरों में मामलों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। 30 मार्च को ऑस्ट्रेलिया ने 4,200 कोविड-19 मामलों और 18 मौतों की सूचना दी है।3
प्रकोप पर प्रतिक्रिया देते हुए, प्रधान मंत्री स्कॉट मॉरिसन ने “वैश्विक कोरोनावायरस महामारी के आर्थिक और सामाजिक प्रभावों का पूर्वानुमान लगाने और उसके शमन के लिए की जाने वाली कार्रवाई पर ऑस्ट्रेलियाई सरकार को सलाह देने में सहयोग के लिए” 25 मार्च को एक नए राष्ट्रीय कोविड-19 समन्वय आयोग (एनसीसीसी) के निर्माण की घोषणा की।4 राष्ट्रीय मंत्रिमंडल ऑस्ट्रेलियाई स्वास्थ्य संरक्षण प्रधान समिति की सलाह पर काम कर रहा है।
चित्र सं.: 1
अधिसूचना तिथि तक ऑस्ट्रेलिया में कोविड-19 के नए और संचयी मामले
स्रोत: ऑस्ट्रेलियाई सरकार, स्वास्थ्य विभाग
विदेशों में फैले संक्रमण और अधिक देशों में सीमा और यात्रा प्रतिबंधों में परिवर्तन से उत्पन्न जोखिमों को पहचानते हुए, ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने वायरस के प्रसार को धीमा करने के लिए सख्त यात्रा प्रतिबंधों की घोषणा की है। विदेशी मामलों और व्यापार विभाग द्वारा अभूतपूर्व ‘स्तर 4’ प्रतिबंधों की घोषणा पहली बार की गई थी, और ऑस्ट्रेलियाई लोगों को बताया गया था कि वे ‘विदेश यात्रा न करें’ और जो लोग विदेश में हैं वो तुरंत वापस लौट आएं।5 19 मार्च को, विदेश मामलों के मंत्री, मारिस पायने ने अधिसूचित किया कि “ऑस्ट्रेलिया उन लोगों को देश में प्रवेश की अनुमति नहीं देगा जो यहाँ के नागरिक नहीं हैं, स्थायी निवासी या नागरिकों के निकटतम परिवार नहीं हैं”।6 ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने पेरू और उरुग्वे से सैकड़ों ऑस्ट्रेलियाई लोगों को वापस लाने के लिए वाणिज्यिक चार्टर उड़ानों की सुविधा प्रदान करने की भी घोषणा की। इसके अलावा, घर लौटने वाले सभी ऑस्ट्रेलियाई लोगों को 14 दिनों के अनिवार्य अलगाव का पालन करना होगा। 27 मार्च को, सरकार ने विदेशों से वापस लौटने वाले नागरिकों को घरों में संगरोध में रखने के बजाय सरकार द्वारा निर्धारित होटलों और केन्द्रों में अनिवार्य प्रवर्तित संगरोध में रखने और यह सुनिश्चित करने की घोषणा की कि सशस्त्र बलों को तैनात किया जाए।
इससे पहले 15 मार्च को, प्रधान मंत्री मॉरिसन ने ऑस्ट्रेलिया में डॉक होने वाले सभी विदेशी क्रूज जहाजों पर 30-दिवसीय प्रतिबंध की घोषणा की थी, हालांकि, चार जहाज जो पहले ही मार्ग में थे, और जिनमें ‘रूबी प्रिंसेस’ भी शामिल था, को छूट दी गई थी।7 जब 19 मार्च को सिडनी की सर्कुलर क्वे में ‘रूबी प्रिंसेस’ को डॉक करने की अनुमति दी गई और 2,700 यात्रियों को स्वास्थ्य जांच के बिना ही उतारा गया तब लोगों में ख़लबली मच गई। यात्रियों को स्वयं अलगाव में रहने के लिए कहा गया था, जबकि कई यात्रियों ने सिडनी से देश के विभिन्न हिस्सों में यात्रा की थी। चूंकि अलग-अलग क्षेत्रों से ‘रूबी प्रिंसेस’ से जुड़े नए मामलों की सूचनाएं आने लगी हैं8, इसलिए संघीय और राज्य सरकारें दोनों इस प्रकरण के लिए एक-दूसरे को दोषी ठहरा रही हैं।
कोविड-19 का प्रकोप, संघीय और राज्य सरकारों के बीच के मतभेदों को सामने लेकर आया है। हाल के दिनों में, बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर संघीय सरकार, राज्य के अधिकारियों और स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा जारी किए गए विरोधाभासी दिशानिर्देश संशय का कारण बने हैं। मॉरिसन की सरकार अब तक सार्वजनिक आवाजाही को सम्पूर्ण प्रतिबंधित करने से दूर रही है।9 जबकि एनएसडब्ल्यू और विक्टोरिया के नेताओं ने व्यक्त किया है कि वे आगे के सख्त प्रतिबंधों के लिए तैयार हैं।
राज्य लोगों की आवाजाही पर अतिरिक्त सीमा प्रतिबंध लगा रहे हैं। राज्यों के मध्य यात्रा पर प्रतिबन्ध लगाते हुए और उल्लंघन करने पर $50,000 के जुर्माने की घोषणा करते हुए पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया 24 मार्च को देश के बाकी हिस्सों के लिए सीमाओं को बंद करने वाला पहला राज्य बना। प्रीमियर मार्क मैकगोवा ने राज्य के भीतर यात्रा पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई है जो 31 मार्च से लागू होगा ताकि कोविड-19 के प्रसार को घटाया जा सके। इन नए प्रतिबंधों के तहत, लोगों को कुछ मामलों में छूट सहित अपनी क्षेत्रीय सीमा छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।10 तस्मानिया द्वीप पहले ही ऑस्ट्रेलियाई मुख्य भूमि से खुद को अलग कर चुका है। अन्य राज्य भी इसका अनुसरण कर रहे हैं।
आस्ट्रेलियाई लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर पर रहें और सामाजिक दूरी का अभ्यास करें। 29 मार्च को घोषित नवीनतम दिशानिर्देशों के अनुसार, सार्वजनिक जनसमूह को दो लोगों तक सीमित किया जाएगा और इसका उल्लंघन करने पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। कई देशों में पब, क्लब, जिम और सिनेमाघरों को खोलने की अनुमति नहीं है। कुछ मीडिया रिपोर्टों ने यह भी संकेत दिया है कि सरकार आने वाले हफ्तों में चिकित्सा आंकड़ों के आधार पर देश को छह महीने के लिए लॉकडाउन करने पर विचार कर रही है।11 सभी गैर-जरूरी ऐच्छिक सर्जरी को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रोफेसर पॉल केली ने कहा कि “पूरी दुनिया में जिन देशों में कोरोनावायरस के परीक्षण के लिए प्रति व्यक्ति उच्चतम दर है, ऑस्ट्रेलिया भी उनमें से एक है। हमने 184,000 से अधिक परीक्षण किए हैं, जिनमें से दो प्रतिशत से कम मामले पॉजिटिव आए हैं। ऑस्ट्रेलिया इस प्रकोप के लिए बहुत अच्छी तरह से तैयार है”।12
इस महामारी की वजह से अनिवार्य रूप से बड़े अल्पकालिक और दीर्घकालिक आर्थिक व्यवधान पैदा होंगे। कुछ आर्थिक विश्लेषकों ने बेरोजगारी का दर 10 प्रतिशत से अधिक होने का अनुमान लगाया है, संभवतः जिसके परिणामस्वरूप 1 मिलियन से अधिक ऑस्ट्रेलियाई अपनी नौकरी खो सकते हैं।13 नेशनल ऑस्ट्रेलियन बैंक के अर्थशास्त्री काईजिन ओवयोंग ने कहा कि “महामारी सभी उद्योगों पर कहर ढा रही है, जिसका खामियाजा हॉस्पिटैलिटी उद्योग को भुगतना पड़ रहा है, पर सभी आकार के व्यवसाय प्रभावित हुए हैं।”14 केंटस और वर्जिन सहित प्रमुख एयरलाइन भी बहुत बुरी तरह प्रभावित हुए हैं क्योंकि उन्हें संकट के जवाब में अपने घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में कटौती करनी पड़ी है।
चूंकि दुनिया भर में वायरस का प्रसार बढ़ रहा है, और यह प्रसार अधिक लंबे समय तक बने रहने की अपेक्षा है, इसलिए 22 मार्च को राष्ट्रमंडल सरकार ने कोविड-19 के आर्थिक प्रभाव को कम करने और बहाली का पुल बनाने में सहायता के लिए अपनी आर्थिक योजना का दूसरा चरण जारी किया। सरकार द्वारा कुल $189 बिलियन, जो कि वार्षिक जीडीपी का 9.7 प्रतिशत है, अर्थव्यवस्था में अन्तःक्षेप किया जा रहा है। इसमें 12 मार्च को घोषित $17.6 बिलियन के प्रोत्साहन पैकेज का पहला सेट शामिल है। यह प्रोत्साहन पैकेज मोटे तौर पर परिवारों की सहायता, व्यवसायों को अपने कर्मचारियों को नौकरी पर बनाए रखने और व्यवसायों को अपना व्यापार जारी रखने के लिए विनियामक संरक्षण और वित्तीय सहायता प्रदान करने पर केंद्रित है।15
आपातकालीन आवास, संकटकालीन सेवाओं और परामर्श के माध्यम से घरेलू, पारिवारिक और यौन हिंसा का सामना करने वाले संकटग्रस्त ऑस्ट्रेलियाई की सहायता के लिए, 28 मार्च को $ 150 मिलियन की अतिरिक्त सहायता की घोषणा की गई थी।16 इसके बाद, 30 मार्च को, प्रधान मंत्री स्कॉट मॉरिसन ने 6 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई श्रमिकों को मेहनताना दिलाने में सहायता लिए $ 130 बिलियन के पैकेज की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसी के साथ “सरकार की कुल आर्थिक सहायता $ 320 बिलियन हो गई है, जो 16.4 प्रतिशत जीडीपी को दर्शाता है”।17
न्यू ज़ीलैण्ड में कोविड-19 प्रकोप और प्रतिक्रिया
31 मार्च तक, न्यूजीलैंड में कोविड-19 के 647 पुष्ट मामले और संभावित मामले हैं।18 प्रधान मंत्री जैकिंडा अर्डर्न ने न्यूजीलैंड को ‘अलर्ट स्तर 4-एलिमिनेट’ के तहत रखा है। अलर्ट स्तर 4 का मतलब है कि बीमारी सीमित रहने की संभावना नहीं है और ‘निरंतर और गहन संचरण और व्यापक प्रकोप’ होने की संभावना है।19 सरकार ने 25 मार्च को देश भर में 'राष्ट्रीय आपातकाल' की घोषणा की है। आपातकाल की घोषणा करते हुए प्रधान मंत्री जैकिंडा अर्डर्न ने कहा कि “आज हम एक वैश्विक महामारी के खिलाफ जंग में अपने देश का दूसरा राष्ट्रीय आपातकाल लागू कर रहे हैं, न्यूजीलैंड के लोगों की जान बचानी है और दुनिया भर में जो कुछ भी होते हुए हमने देखा है, उसे यहाँ होने से रोकना है”।20
चित्र सं. 2
31 मार्च तक कुल मामले
स्रोत: स्वास्थ्य विभाग, न्यू ज़ीलैण्ड
अलर्ट की घोषणा करते हुए प्रधान मंत्री ने कहा कि अगले पांच दिनों में 10,000 न्यूजीलैंडियों के विदेश से घर लौटने की उम्मीद है, और अधिकारियों को उम्मीद है कि कड़े स्व-अलगाव नियमों को लागू करने के नतीजतन नए संक्रमणों का “वक्र सपाट” होना शुरू होने से पहले हमें “कई हजार” सुनिश्चित मामले देखने को मिलेंगे।21 26 मार्च को, प्रधान मंत्री ने चार सप्ताह के अभूतपूर्व लॉकडाउन की घोषणा की जिसके दौरान केवल आवश्यक सेवाएं खुली रहेंगी जिसमें बैंक, सुपरमार्केट और फार्मसी शामिल हैं। लोगों को घर पर रहने का निर्देश दिया गया है, आवश्यक सेवाओं और जीवन रेखा उपयोगिताओं, राशन आपूर्ति और केन्द्रों के अधिचायन को छोड़कर शैक्षिक सुविधाओं और व्यवसायों को बंद कर दिया गया है, यात्रा को काफी हद तक प्रतिबंधित किया गया है, अपनाए जा रहे उपायों की सीमा के अनुसार स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं की प्राथमिकता पुनः निर्धारित की गई है।22 कोई भी अंदरूनी और बाहरी कार्यक्रम नहीं हो सकता है। न्यूजीलैंड सरकार ने कोविड-19 के प्रसार को धीमा करने के लिए अभूतपूर्व यात्रा प्रतिबंध लगाए हैं। 19 मार्च की मध्यरात्रि से लगभग सभी यात्रियों के लिए सीमाएं बंद करने की घोषणा की गई। एक आवश्यक सेवा के रूप में, एयर न्यूजीलैंड का संचालन जारी रहेगा। बाद में, सरकार ने सभी यात्रियों को घर लौटने के लिए 27 मार्च की अर्धरात्रि तक का समय सीमा बढ़ाया। सरकार ने $ 12.1 बिलियन के कोविड-19 आर्थिक प्रतिक्रिया पैकेज की घोषणा की है जो देश के जीडीपी का 4 प्रतिशत है। यह “आधुनिक न्यूजीलैंड के इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण शांति-समय की आर्थिक योजना” है।23
प्रशांत द्वीप समूह में परिस्थिति
यहां तक कि छोटे और दूरस्थ प्रशांत द्वीप समूह भी इस ‘महामारी’ से बच नहीं पाए हैं। फिजी ने अब तक पांच मामलों की पुष्टि की है24, जबकि न्यू कैलेडोनिया में इसकी संख्या सात है।25 फ्रेंच पोलिनेशिया और पापुआ न्यू गिनी ने भी कोविड-19 मामलों की पुष्टि की है।
फिजी में पहले मामले की पुष्टि 19 मार्च को लुतोका में की गई थी। महामारी को ध्यान में रखते हुए, फिजी ने पहले मुख्य भूमि चीन, इटली, ईरान, स्पेन और दक्षिण कोरिया के सभी यात्रियों के लिए प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया था और बाद में यूनाइटेड किंगडम सहित संयुक्त राज्य और यूरोप से आने वाले यात्रियों के प्रवेश को भी प्रतिबंधित किया था। इसके अलावा, सरकार ने 26 मार्च से नाडी हवाई अड्डे पर सभी यात्राओं को बंद करने की घोषणा की। इसके अलावा, सरकार ने सार्वजनिक जनसमूह पर प्रतिबंधों की घोषणा की है और अन्य देशों के समान ही स्व-अलगाव और संगरोध के लिए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। प्रधान मंत्री फ्रैंक बैनिमारामा ने कहा कि नई यात्रा प्रतिबंध फिजियन इतिहास का सबसे मजबूत और सबसे व्यापक प्रतिबन्ध है।26 कोविड-19 के जवाब में फिजी एयरवेज ने मई के अंत तक 95% अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को स्थगित कर दिया है।
माइक्रोनेशिया के संघीय राज्यों ने पिछले दो सप्ताह में कोविड-19 मामले वाले किसी भी देश में रहने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है, जो लगभग आधी दुनिया है। मार्शल आइलैंड्स ने देश में सभी हवाई यात्रा को दो सप्ताह के लिए बंद कर दिया है। वानुअतु और कुक आइलैंड्स दोनों ने क्रूज जहाजों को वापस लौटा दिया है-जो देशों की आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत हैं।27 टोंगा ने एक पूर्व उपाय के रूप में एक सप्ताह के लॉकडाउन की घोषणा की है। समोआ में वर्तमान कोविड-19 के कोई पुष्ट मामले नहीं हैं; पर फिर भी पूरे देश में आपातकाल लागू है। विश्व बैंक ने कोविड-19 के प्रति अपनी प्रतिक्रिया तैयार करने और प्रबंधित करने में समोआ के प्रयासों का समर्थन करने के लिए तत्काल वित्त पोषण के रूप में यूएस $ 5.1 मिलियन वितरित किए हैं।28 विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भी जोर दिया है कि वह प्रशांत द्वीप समूह के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मिलकर “सामयिक सहायता प्रदान करने हेतु विशेषज्ञता के विभिन्न क्षेत्रों से संसाधन एकत्रित कर रहे हैं”। डब्ल्यूएचओ के साथ समन्वय में 2019 के नोवेल कोरोनावायरस की तैयारी और प्रतिक्रिया के लिए छह महीने का पैसिफिक एक्शन प्लान लागू किया जा रहा है।29
प्रशांत देश यह सुनिश्चित करने के प्रयासों को बढ़ा रहे हैं कि वे महामारी की चुनौती का जवाब देने के लिए तैयार हों। चूंकि इनमें से अधिकांश द्वीपों में परीक्षण क्षमता उपलब्ध नहीं है, इसलिए उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों पर वृहद प्रतिबंध लगाया है और अपनी आबादी को अलग रखने पर ध्यान केंद्रित किया है। फिजी ने, हाल ही में, वायरस के परीक्षण में सक्षम अपनी पहली सुविधा केंद्र खोली है, जो इस क्षेत्र में ऐसी चार सुविधा केन्द्रों में से एक है।30 इन छोटे द्वीप समूहों में इस प्रकृति के प्रकोप से निपटने के लिए न तो आर्थिक और न ही चिकित्सा क्षमता उपलब्ध है। एहतियात ही उनके लिए एकमात्र रास्ता है।
इसलिए, जबकि दुनिया कोविड-19 की चुनौती से जूझ रही है, यह देखना बाकी है कि संकट को नियंत्रण में आने में कितना समय लगेगा। संकट के सामाजिक और आर्थिक परिणामों का बेहतर मूल्यांकन लंबी समय अवधि में ही संभव हो सकेगा। ओशिनिया के देश यह सुनिश्चित करने के लिए अपने सभी प्रयासों को समर्पित करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं कि उनके लिए इसका प्रकोप उतना घातक न हो जाए जितना कि कुछ यूरोपीय देशों के लिए रहा है। आने वाले कुछ सप्ताह महामारी के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण हैं।
****
*डॉ. प्रज्ञा पाण्डेय, रिसर्च फेलो, विश्व मामलों की भारतीय परिषद।
अस्वीकरण: व्यक्त किए गए विचार व्यक्तिगत हैं।
डिस्क्लेमर: इस अनुवादित लेख में यदि किसी प्रकार की त्रुटी पाई जाती है तो पाठक अंग्रेजी में लिखे मूल लेख को ही मान्य माने ।
___________________
अंत टिप्पण
[1]New and cumulative COVID-19 cases in Australia by notification date,https://www.health.gov.au/resources/publications/new-and-cumulative-covid-19-cases-in-australia-by-notification-date
2Coronavirus (COVID-19) current situation and case numbers, https://www.health.gov.au/news/health-alerts/novel-coronavirus-2019-ncov-health-alert/coronavirus-covid-19-current-situation-and-case-numbers
3 Media Release, Prime Minister of Australia, 30 March 2020, https://www.pm.gov.au/media/statement-update-coronavirus-measures
4Media Release, Prime Minister of Australia, 25 Mar 2020, https://www.pm.gov.au/media/national-covid-19-coordination-commission
5 Coronavirus (COVID-19) – information for Australian travelers, https://www.smartraveller.gov.au/COVID-19-australian-travellers
6https://twitter.com/MarisePayne?ref_src=twsrc%5Egoogle%7Ctwcamp%5Eserp%7Ctwgr%5Eauthor
7 Four cruise ships given special permission to dock in Australia despite 30-day coronavirus ban, 21 March 2020,
8 Interstate coronavirus cases from Ruby Princess jump as more than 100 outside NSW test positive, https://www.theguardian.com/world/2020/mar/28/interstate-coronavirus-cases-from-ruby-princess-jump-as-32-queenslanders-test-positive
9 Reuters, March 27, 2020 https://www.reuters.com/article/us-health-coronavirus-australia-curbs/australia-introduces-enforced-quarantine-for-returning-citizens-idUSKBN21E0CB
10 WA travel restrictions come into place from midnight Tuesday, Friday, 27 March 2020, https://www.mediastatements.wa.gov.au/Pages/McGowan/2020/03/WA-travel-restrictions-come-into-place-from-midnight-Tuesday.aspx
11 Reuters, 27 March, https://www.reuters.com/article/health-coronavirus-myer-closure/update-2-australias-myer-to-close-stores-temporarily-shed-10000-employees-idUSL4N2BK2RY
12 COVID-19 in Australia: we are not Italy, Iran or Spain
https://www.health.gov.au/news/covid-19-in-australia-we-are-not-italy-iran-or-spain
13 Coronavirus hit almost half of Australian businesses even before social distancing, ABS reveals, https://www.abc.net.au/news/2020-03-26/coronavirus-economic-impact-in-australia-abs/12092488
14 I.bid
15Supporting Australian workers and business, Joint media release , https://ministers.treasury.gov.au/ministers/josh-frydenberg-2018/media-releases/supporting-australian-workers-and-business
16 Twitter:https://twitter.com/MarisePayne/status/1244078842714546176
17 Media Release, 30 MARCH, https://www.pm.gov.au/media/130-billion-jobkeeper-payment-keep-australians-job
18 Ministry of Health, New Zealand, https://www.health.govt.nz/our-work/diseases-and-conditions/covid-19-novel-coronavirus
19 COVID-19 Alert System, New Zealand Government, https://covid19.govt.nz/government-actions/covid-19-alert-system/#new-zealand-covid-19-alert-levels
20State of National Emergency declared to fight COVID-19, 25 MARCH 2020, https://www.beehive.govt.nz/release/state-national-emergency-declared-fight-covid-19
21 Coronavirus: as New Zealand lockdown begins, fears rise for abuse victims and the homeless
22 Ibid no. 15
23 COVID-19 Economic Response Package, 17 March, https://www.beehive.govt.nz/feature/covid-19-economic-response-package
24Fiji Confirms Fifth Case of COVID-19, http://www.health.gov.fj/fiji-confirms-fifth-case-of-covid19/
25Covid-19: New Caledonia cases rise to seven, https://www.rnz.co.nz/international/pacific-news/412432/covid-19-new-caledonia-cases-rise-to-seven
26 Fiji restricts travel from US, UK and Europe, https://www.rnz.co.nz/international/pacific-news/412143/fiji-restricts-travel-from-us-uk-and-europe
27 ALEXANDRE DAYANT and JONATHAN PRYKE, Anticipating Covid‑19 in the Pacific, https://www.lowyinstitute.org/the-interpreter/anticipating-covid-19-pacific
28 World Bank, Press Release, March 27, https://www.worldbank.org/en/news/press-release/2020/03/27/world-bank-provides-us5-1m-for-samoa-covid-19-response
29 Pacific steps up preparedness against COVID-19, https://www.who.int/nauru/news/detail/21-02-2020-pacific-steps-up-preparedness-against-covid-19
30 Pacific nations employ island fortress tactics to combat coronavirus spread, March 13,