कठोर उपायों ने ग्रीस में अपने चुनावी वादों को पूरा करने में कई दलों की कमर तोड़ दी है और सिरिजा पार्टी भी अपवाद साबित नहीं हो सकी।
ग्रीस ने 2009 से 2015 के बीच पांच चुनावों को देखा है। 7 जुलाई 2019 को हुए छठे चुनाव में, ग्रीस ने 2015 में सत्ता में आई वामपंथी सिरिजा पार्टी से दूरी बनाते हुए न्यू डेमोक्रेसी- एक मध्य दक्षिणपंथी पार्टी, को सत्ता में वापसी के लिए चुना। कठोर उपायों ने ग्रीस में अपने चुनावी वादों को पूरा करने में कई दलों की कमर तोड़ दी है और सिरिजा पार्टी भी अपवाद साबित नहीं हो सकी।
चुनावों में क्यरिअकोस मित्सोतकिस की अगुवाई में न्यू डेमोक्रेसी (एनडी) ने 300 सीट वाली यूनानी संसद में 158 के बहुमत के निशान तक पहुंचने के लिए लगभग 40 फीसदी वोट हासिल किए। ग्रीक अर्थव्यवस्था को पूरी तरह घुमा देने के प्रबंधन के बावजूद, सीरिज़ा पार्टी हार गई। एनडी किस हद तक यूनानियों को एक नई उम्मीद दे सकता है और वो कौन से कारण थे जिनसे सीरिजा पार्टी को नुकसान हुआ, कुछ ऐसे सवाल हैं जिनके लिए एक विस्तृत विश्लेषण की आवश्यकता है।
सीरिजा पार्टी का चुनावी पतन
वो एनडी थी जिसने 2004-2009 और फिर 2012 से 2015 तक ग्रीस पर शासन किया था- वो समय जब ग्रीक आर्थिक संकट के शिखर पर था। एलेक्सिस त्स्पिरस की अगुवाई वाली सीरिजा पार्टी ने 2015 में एनडी से लेकर सरकार की बागडोर संभाली, जो भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद में डूबी हुई थी और ग्रीस को दिवालिया होने के कगार पर ले आई थी। सीरिजा के शासन में, श्रम बाजार और पेंशन सुधार किए गए, बेरोजगारी की दर कम हुई और ग्रीस में कई निर्माण परियोजनाएं चल रही हैं, उदाहरण के लिए ट्रांस एड्रियाटिक पाइपलाइन- मध्य एशिया से पश्चिमी यूरोप तक गैस पाइपलाइन, जो ग्रीस में रोजगार पैदा करने का दावा करती है।1
एलेक्सिस त्स्पिरसके कार्यकाल में ग्रीस के अपने पड़ोसियों के साथ संबंध बेहतर हुए थे। मैसेडोनिया (अब उत्तर मैसेडोनिया) के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद को निपटाने का श्रेय भी उन्हीं को जाता है। हालाँकि यह निर्णय ग्रीस में बहुत लोकप्रिय नहीं था क्योंकि मैसेडोनिया उत्तरी ग्रीस का एक ऐसा क्षेत्र ही नहीं है, जहां से यूनानियों को आत्मीयता महसूस होती है, बल्कि सिकंदर महान की मातृभूमि भी है।2प्रेस्पा समझौता, जैसा कि इसे कहा जाता है, ने त्स्पिरसको बहुत अंतरराष्ट्रीय प्रशंसा दिलाई और यहां तक कि इसकी वजह से उन्हें उनके मैसेडोनियन समकक्ष ज़ोरान ज़ेव के साथ नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित भी किया गया। हालाँकि, घरेलू स्तर पर, समझौते ने त्स्पिरस सरकार के अस्तित्व को खतरे में डाल दिया और संभवतः इसी वजह से हाल ही में संपन्न चुनावों में उन्हें अलोकप्रियबना दिया।
इसके अलावा, यह तर्क दिया गया है कि देश ने बेलआउट कार्यक्रम से बाहर निकलने के लिए जो प्राथमिक अधिशेष प्राप्त किया था, वह आर्थिक विकास के बजाय मध्यम वर्ग पर भारी कराधान का परिणाम था।3ऋण अभी भी बहुत अधिक है, और यह सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी)के लगभग 181 प्रतिशत पर बना हुआ है। ग्रीक अर्थव्यवस्था ने पिछले साल तीसरे बेलआउट से बाहर निकलने के बाद वापस उछाल देना शुरू कर दिया है, लेकिन विकास दर अभी भी बहुत कम लगभग 2 प्रतिशत है। जब एलेक्सिस त्स्पिरससत्ता में आए, तो उन्होंने कट्टरपंथी परिवर्तनों का वादा किया था, जिसमें इस बात पर एक जनमत संग्रह भी शामिल था कि क्या यूनानी यूरोज़ोन से बाहर जाना चाहते थे। हालांकि, आर्थिक बाधाओं ने जल्द ही उनके हाथ बांध दिए और उन्होंने ग्रीस के लिए बेलआउट के उपायों को स्वीकार कर लिया। 18 प्रतिशत बेरोजगारी की दर के साथ नौकरियों में कमी आई है।4 इस वजह से उनके समर्थकों ने अपनी निष्ठा को एनडी पार्टी के प्रति बदल दिया है।
यूरोपीय संसद में बोलते हुएएलेक्सिस त्स्पिरस, क्रेडिट: © यूरोपीय संघ 2018 - यूरोपीय संसद
राष्ट्रीय चुनावों से पहले, सीरिजा पार्टी यूरोपीय चुनाव भी हार गई थी जिसके कारण तत्कालीन प्रधानमंत्री एलेक्सिस त्स्पिरसने अक्टूबर 2019 में होने वाले चुनावों के बजाय अचानक चुनावों की घोषणा कर दी थी। सीरिजा पार्टी का पतन ग्रीस में प्रचलित व्यापक राजनीतिक प्रवृत्ति का भी प्रतिबिंब है जिसके मुताबिक जो पार्टी यूरोपीय चुनाव हार जाती है वह राष्ट्रीय चुनाव भी हार ही जाती है।
एनडी के लिए आगे का रास्ता
हार्वर्ड ग्रेजुएट और ग्रीस के पूर्व प्रधानमंत्रियों में से एक के पुत्र प्रधानमंत्री क्यरिअकोस मित्सोतकिस एक मध्य दक्षिणपंथी पार्टी के प्रमुख हैं, लेकिन दक्षिणपंथी की तुलना में मध्यमार्गी अधिक हैं। ग्रीक अर्थव्यवस्था को विकास की सुस्त गति से बाहर निकालने का काम करने से पहले उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी उनकी अपनी पार्टी पर लगाम लगाना है। यह नहीं भुलाया जा सकता है कि ग्रीस एनडी के शासन के दौरान ही संकट में घिर गया था जो ग्राहकवाद और पूंजीवाद से ओत-प्रोत था। अपनी पार्टी के भीतर कट्टरपंथियों के समर्थन को बनाए रखने के लिए, उन्होंने चर्च और राज्य के अलगाव को अस्वीकार कर दिया और वे एलजीबीटी अधिकारों पर सीरिजा के रुख के समर्थन में नहीं हैं। दिलचस्प है कि कट्टरपंथी विचारों के विपरीत वे प्रवासियों के साथअधिक मानवीय तरीके से व्यवहार करने का समर्थन करते हैं और उनकी सरकार की प्राथमिकताओं में से एक शरणार्थियों की स्थिति में सुधार करना है।5
जहां तक अर्थव्यवस्था का सवाल है, यूनानी बैंकों के साथ गैर-निष्पादित आस्तियों का पैमाना 45 फीसदी है। उन्होंने अगले साल की शुरुआत में टैक्स में कटौती का प्रस्ताव रखा है, ग्रीस के सार्वजनिक क्षेत्र को डिजिटाइज़ करने और न्यायपालिका को सुव्यवस्थित करने की बात की है ताकि ग्रीस एक निवेश के अनुकूल देश बन जाए।6 अपने टेलीविज़न संबोधन मेंउन्होंने कहा कि,
"मैं अच्छी और नई नौकरियों तथा तरक्की के लिए कम करों और अधिक निवेशों के लिए प्रतिबद्ध हूं, जो एक कुशल राज्य में बेहतर वेतन और उच्च पेंशन लाएगा।"7
नए पीएम बेलआउट के बाद की पहली सरकार का नेतृत्व करते हैं और उन्हें रोजगार सृजन और विकास को बढ़ावा देने के अपने वादों को अवश्य पूरा करना चाहिए। उनके मंत्रिमंडल में कई टेक्नोक्रेट हैं।8 उन्होंने कहा है कि संसद गर्मियों के लिए नहीं रुकेगी, ताकि नए बिलों का मसौदा तैयार किया जा सके। आगे बढ़ते हुए, यह उम्मीद की जाती है कि वे व्यापार के अनुकूल सुधारों को पेश करेंगे, जैसे कि कर सुधार, निजीकरण के साथ आगे बढ़ना और नौकरशाही में सुधार तथा शिक्षा क्षेत्र में भी आगे बढ़ना।9
एथेंस, ग्रीस में पार्टी मुख्यालय पहुँचने पर क्यरिअकोस मित्सोतकिस बधाई देते समर्थक फोटोग्राफ: कोस्टास बाल्टास / रॉयटर्स
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, ग्रीस भूमध्य सागर में यूरोपीय संघ के लिए एक रणनीतिक भागीदार है। बाल्कन में ग्रीस की भूमिका को अमेरिका ने भी मान्यता दी है। पूर्वी भूमध्यसागरीय सुरक्षा और ऊर्जा भागीदारी अधिनियम के रूप में जाना जाने वाला एक बिल अमेरिका के विचाराधीन है जो ऊर्जा और रक्षा सहयोग के माध्यम से इजरायल, ग्रीस और सायप्रस की त्रिपक्षीय साझेदारी की बात करता है और साइप्रस पर हथियार प्रतिबन्ध को खत्म करता है।10ग्रीस बाल्कनमें मध्यस्थ की भूमिका निभा सकता है। मैसेडोनिया के साथ विवाद का हल बाल्कन में ग्रीक व्यापारियों को बेहतर पहुंच प्रदान कर सकता है, लेकिन यह देखा जाना बाकी है कि मित्सोतकिस सरकार इस अवसर पर पूंजी लगाएगी या नहीं।11
समापन टिप्पणी
यह तर्क दिया जा सकता है कि ग्रीस के मामले में, अर्थव्यवस्था ग्रीस के किसी भी प्रधानमंत्री के लिए वरदान या अभिशाप हो सकती है। यह 2015 में एनडी की गिरावट का कारण बनी और 2019 मेंसिरिजा ने इसका खामियाजा भुगता। हालाँकि, दोनों सरकारों के बीच महत्वपूर्ण अंतर यह है कि सीरिजा ने अर्थव्यवस्था को उस हालत से बेहतर स्वरूप में सौंपा है जो उसे 2015 में विरासत में मिली थी। सीरिजा के विपरीत, संसद में अपनी सीटों को देखते हुए नीतियों को लागू करने में एनडी का हाथ खुला है।हालाँकि, नए प्रधानमंत्री के लिए आगे उथल-पुथल भरा रास्ता है। उन्हें अपनी ही पार्टी में कट्टरपंथियों के लिए बीच का रास्ता खोजना होगा और एक उदार एजेंडे का पालन करना होगा। जहां एक ओर नई सरकार की राजकोषीय नीति पर यूरोपीय संघ द्वारा नजर रखी जाएगी, ताकि बजट अधिशेष बना रहे, वहीं दूसरी ओर मित्सोतकिस को विकास के अपने वादों को पूरा करना होगा।
उन्हें यूरोपीय संघ और ग्रीस के पड़ोसियों के साथ संबंधों का निर्माण करने की भी आवश्यकता होगी। एक स्थिर पड़ोस ग्रीस की वृद्धि और समृद्धि को अच्छी तरह से विकसित कर सकता है। उन्हें इस क्षेत्र में बदलते भू-राजनीतिक वातावरण को चतुराई से संभालने की आवश्यकता होगी क्योंकि जहाँ चीन का प्रभाव बढ़ रहा है, वहीं तुर्की तेजी से मुखर हो रहा है और रूस के साथ संबंध एक उत्साही दौर से गुजर रहा है।
यह कहा जा सकता है कि अभी के लिए ग्रीस की जनता ने उन पर अपना विश्वास दोहराया है और प्रधानमंत्री को उन सभी संसाधनों को जोड़ना होगा जो वह कर सकते हैं ताकि ग्रीस में नया बसंत आ सके।
***
*डॉ. सुरभि सिंह, रिसर्च फेलो, इंडियन काउंसिल ऑफ़ वर्ल्ड अफेयर्स।
अस्वीकरण: व्यक्त किए गए विचार शोधकर्ता के हैं, परिषद के नहीं।
End Notes
1 Artemis Seaford and Benjamin Haddad (2019), “Greece’s New Groove”, Foreign Affairs, Accessed on 16 July 2019, URL:
https://www.foreignaffairs.com/articles/greece/2019-07-15/greeces-new-groove,
2 ibid
3Euro News (2019), “Greece Elections: What you need to Know”, Accessed on 6 July 2019, URL: https://www.euronews.com/2019/07/03/greek-elections-what-you-need-to-know,
4 The Economist (2019), “Syriza- Greece’s ruling party is headed for defeat”, Accessed on 9 July 2019, URL:https://www.economist.com/europe/2019/03/21/syriza-greeces-ruling-party-is-headed-for-electoral-defeat
5 Greek Reporter (2019), “New Greek Government Pledges to “Immediately” Improve Refugee Living Conditions”, Accessed on 16 July 2019, URL: https://greece.greekreporter.com/2019/07/15/new-greek-government-pledges-to-immediately-improve-refugee-living-conditions/
6 The Economist (2019), “Family Trouble”, Accessed on 8 July 2019, URL: https://www.economist.com/europe/2019/07/04/family-trouble?cid1=cust/dailypicks1/n/bl/n/2019075n/owned/n/n/dailypicks1/n/n/AP/267030/n
7Reuters (2019), “Greek Conservatives take charge in landslide win, vow more investment, fewer taxes”, Accessed on 8 July 2019, URL: https://es.reuters.com/article/worldNews/idUKKCN1U201L,
8The Economist (2019), “Greece’s New Prime Minister Promises Less Drama”, Accessed on 12 July 2019, URL: https://www.economist.com/europe/2019/07/11/greeces-new-prime-minister-promises-less-drama,
9 Greece does not allow for privately owned universities.
10United States Committee on Foreign Relations, “Menendez, Rubio Introduce Eastern Mediterranean Security and Energy Partnership Act of 2019”, Accessed on 15 July 2019, URL: https://www.foreign.senate.gov/press/ranking/release/menendez-rubio-introduce-eastern-mediterranean-security-and-energy-partnership-act-of-2019,
11 When in opposition his party had opposed the agreement tooth and nail.