सारांश: आज की भू–राजनीतिक चर्चाओं में, सिलीगुड़ी कॉरिडोर को अक्सर सुरक्षा के नज़रिए से देखा जाता है। राज्य और सेना पर केंद्रित यह नज़रिया अक्सर इस इलाके की वास्तविक ज़िदगी और वहां के लोगों के अनुभवों को नज़रअंदाज़ कर देता है। यह कॉरिडोर तीन देशों की सीमाओं से लगा है और यहां अलग– अलग समुदायों के लोग रहते हैं जिनकी शासन व्यवस्था, धार्मिक मान्यताएं और संस्कृतियां एक– दूसरे से बिल्कुल अलग हैं फिर भी वे पूरी शांति के साथ मिल–जुलकर रहते हैं। प्रस्तुत नज़रिया दो मुख्य पहलुओं पर केंद्रित है: चाय बगानों में आदिवासी समुदायों की भूमिका और भारत, नेपाल व भूटान के बीच भारतीय हाथियों के झुंडों का सीमा– पार प्रवास। यह शोधपत्र बताता है कि किस तरह भारतीय रेलवे के नए और अनोखे कदमों ने जानवरों के लिए सुरक्षित बुनियादी ढांचे के मामले में जोखिम भरे इलाके को ग्लोबल मॉडल में बदल दिया है। इसलिए, इस नज़रिए का उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों में अस्थिरता को जवाब देना है। यह दिखाता है कि कैसे एक ऐसा कॉरिडोर, जिसे अक्सर पाबंदियों वाला और कमज़ोर चोकप्वाइंट (संकरा और जोखिम भरा मार्ग) माना जाता था, वह अब कभी न खत्म होने वाले मौकों वाले अंतरराष्ट्रीय इलाके में बदल गया है।

कई दशकों से, सिलीगुड़ी कॉरिडोर– जिसे आम बोलचाल की भाषा में चिकन नेक कहा जाता है, को, मुख्य रूप से सुरक्षा और सैन्य नज़रिए से देखा जाता रहा है, इस नजरिए ने इस इलाके को एक ऐसे कमज़ोर क्षेत्र के रूप में पेश किया है जहाँ लगातार सुरक्षा की ज़रूरत बनी रहती है। लेकिन इस कॉरिडोर को केवल एक रणनीतिक बॉटलनेक तक सीमित कर देने से इसकी सामाजिक, पारिस्थितिक, आर्थिक और सांस्कृतिक वास्तविकताओं को नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है जो कहीं अधिक समृद्ध हैं। सुरक्षा के नज़रिए से हटकर देखने पर यह कॉरिडोर एक रुकावट नहीं बल्कि दक्षिण एशिया में कनेक्टिविटी एवं सहयोग के सबसे जीवंत स्थानों में से एक के रूप में उभरता है। यह कॉरिडोर एक महत्वपूर्ण जंक्शन है, जहां बंगाल के मैदानी इलाके पूर्वी हिमालय से मिलते हैं। यह परिवर्तन एक संकरे रास्ते को दक्षिण एशिया के भौगोलिक केंद्र में बदल देता है जिससे यह एक ऐसे महत्वपूर्ण जोड़ बन जाता है जिसके इर्द–गिर्द भारत, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश इस कॉरिडोर की साझा, फलती– फूलती और जीवंत वास्तविकता के साथ जुड़े हुए हैं।
अपनी रणनीतिक स्थिति के अलावा, सिलीगुड़ी कॉरिडोर सामाजिक मेलजोल और सांस्कृतिक आदान– प्रदान की बहुत महत्वपूर्ण जगह भी है। यह एक ऐसा इलाका है जिसमें मैदानी इलाकों और ऐतिहासिक कोच साम्राज्य के मूल निवासी राजबोंगशी लोग, गोरखा, लेपचा और भूटिया समुदायों की जीवंत और ठोस परंपराओं के साथ सहजता से घुल–मिल जाते हैं।[i] वे एक ऐसी सांस्कृतिक विविधता बनाते हैं जो संकते भौगोलिक मार्ग को सीमा–पार सद्भाव के जीवंत मंच में बदल देती है।[ii] बंगालियों की लयबद्ध बोली, नेपालियों की सुरीली आवाज़ और मेच एवं आदिवासी लोगों की समृद्ध स्थानीय बोलियाँ मिलकर एक ऐसी विविधतापूर्ण दुनिया बनाती हैं जो बेमिसाल है और नक्शों पर खींची गई साधारण सीमाओं से कहीं आगे जाती हैं। भारत और नेपाल को आसानी से जोड़ने वाली सीमा–पार मेची नदी के किनारे, यह एक रणनीतिक सीमा को शांतिपूर्ण आदान– प्रदान के क्षेत्र में बदल देती है।
इसलिए, नदी के किनारे बने शांत मंदिरों से इस आर्थिक मार्ग का संतुलन बहुत खूबसूरती से बना हुआ है। यहाँ दोनों देशों की साझी आध्यात्मिक परंपराएं श्रद्धालुओं को एक ही पावन छत के नीचे लाती है। सीमा अधिकारियों की दोस्ताना देखरेख में, यह क्रॉसिंग परंपरागत भू–राजनीतिक सीमाओं की एक नई और बेहतर तस्वीर प्रस्तुत करती है। यह अंतरराष्ट्रीय सद्भाव के लिए शानदार और जीवंत खाके के रूप में खड़ा है। इसलिए, यह कॉरिडोर को असुरक्षा की भाषा के बजाय, साझा पहचान, क्षेत्रीय एकीकरण और शांतिपूर्ण सह–अस्तित्व की वास्तविकताओं के माध्यम से बेहतर तरीके से समझा जा सकता है।
इस कॉरिडोर की इस अलग समझ में, यहाँ के चाय बागानों और उन्हें बनाए रखने वाले समुदायों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यदि यह कॉरिडोर दक्षिण एशिया की धुरी है तो चाय के बागान इसकी साँसें हैं। दार्जिलिंग की पहाड़ियों से लेकर डुआर्स तक फैले सिलीगुड़ी के चाय बागान विशाल और मनमोहक हरे– भरे कैनवास की तरह नज़र आते हैं, जितना रंग हर मौसम के साथ बदलता रहता है। चाय की फलती– फूलती अर्थव्यवस्था के पीछे आदिवासी समुदायों का अहम योगदान है। उनकी पीढ़ियों की मेहनत, पर्यावरण की समझ और देखभाल ने ही डुआर्स और तराई के इलाकों को आज जैसा स्वरूप प्रदान किया है। औपनिवेशिक बागानों के दौर से लेकर आज तक, ये समुदाय ज़मीन की देखभाल करने वालों की भूमिका से आगे बढ़कर इस क्षेत्र में अपने भविष्य के स्वयं निर्माता और सक्रिए नेता बन गए हैं।[iii]
हाल के दशकों में, इन समुदायों के कई लोगों ने सफलतापूर्वक स्वतंत्र छोटे चाय उत्पादक (STGs) के रूप में काम करना शुरू किया है। उन्होंने ज़मीन के मालिकाना हक हासिल किए हैं और स्थानीय सहकारी मॉडल बनाए हैं जो इस इलाके की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नया रूप दे रहे हैं। अपनी परंपारगत पारितंत्र समझ और आधुनिक कृषि– उद्यमिता को मिलाकर, वे एक ऐसा टिकाऊ परिवेश बनाते हैं जहाँ वन्यजीवों के पुराने मार्ग आज भी फल– फूल सकते हैं।
इस कॉरिडोर का आपस में जुड़ा हुआ स्वरूप केवल इंसानी बस्तियों तक ही सीमित नहीं है। यह इसके पर्यावरणीय प्रणाली में भी स्पष्ट दिखता है, विशेष रूप से एशिया के सबसे महत्वपूर्ण और सक्रिए सीमा–पार हाथी प्रवास क्षेत्र में से एक नज़रिए से। हज़ारों वर्षों से एशियाई हाथियों के झुंड पीढ़ियों से चले आ रहे अपने गहरे आनुवंशिक नक्शों का पालन करते आ रहे हैं। ये विशाल जानवर तीस्ता और मेची नदियों के पानी से होते हुए महानंदा वन्यजीव अभयारण्य से गुज़रते हैं, चाय के बागानों के बीच से रास्ता बनाते हुए पश्चिम बंगाल और असम से नेपाल और भूटान तक का सफ़र तय करते हैं।[iv]
वे इस उपमहाद्वीप के वास्तविक, बिना सीमा वाले निवासी हैं। यह समझते और स्वीकार करते हुए कि यह रास्ता हाथियों के आने– जाने का पुराना और परंपरागत रास्ता रहा है, भारतीय रेलवे, सामुदायिक नेटवर्क और स्थानीय आदिवासी युवा ‘ग्रीन कॉरिडोर चैंपियन’ के रूप में आगे आए हैं। जंगल के पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक समय–पूर्व चेतावनी प्रणाली का प्रयोग कर, ये स्थानीय चैंपियन हाथियों के झुंडों को उनके आने– जाने के रास्तों पर सुरक्षित रूप से आगे बढ़ने में मदद कर रहे हैं।
कई दशकों से, डुआर्स के घने जंगलों से गुज़रने वाली रेलवे लाइनें इंसानों और जंगली जानवरों के बीच टकराव का दुखद केंद्र रही हैं जहाँ तेज़ी से चलने वाली ट्रेने अक्सर हाथियों के झुंड से टकरा जाती थीं। हालाँकि, हाल के वर्षों में भारतीय रेलवे ने टेक्नोलॉजी पर आधारित संरक्षण का नया और अनोखा तरीका अपनाकर इस स्थिति को पूरी तरह से बदल दिया है। इस परिवर्तन के केंद्र में ‘गजराज सुरक्षा’ है जो भारत में ही विकसित एआई– आधारित घुसपैठ का पता लगाने वाली प्रणाली (इंट्रूशन डिटेक्शन सिस्टम/ IDS) है।[v]
ज़मीन के नीचे बिछी ऑप्टिकल फ़ाइबर केबल्स के माध्यम से ड्रिस्ट्रिब्यूटेड एकॉस्टिक सेंसिंग (DAS) का प्रयोग करके, यह सिस्टम ट्रैक से 200 मीटर की दूरी तक हाथियों के कदमों से होने वाली ज़मीनी हलचल (सिस्मिक वाइब्रेशन) का पता लगाता है।[vi] यह सिस्टम कंट्रोल रूम, स्टेशन मास्टर और लोको पायलट को अपने–आप ही रियल– टाइम अलर्ट भेजता है, जिसके बाद वे ट्रेनों की रफ्तार कम कर देते हैं या उन्हें सुरक्षित रूप से रोक देते हैं। इस नवाचार के साथ– साथ, ‘प्लान बी/ मधुमक्खी योजना’ के तहत मधुमक्खियों की तेज़ आवाज़ का प्रयोग करके हाथियों के झुंड को पटरियों से दूर रखने की तकनीक ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) को बड़ी कामयाबी दिलाई है: अपनी लगातार कोशिशों से उन्होंने सिर्फ 2025 में 160 से अधिक हाथियों को सुरक्षित बचाया है।[vii]
इसके अलावा, इन स्थानीय स्तर पर किए गए तकनीकी उपायों ने पूरे देश में ट्रेन और हाथियों की टक्कर से होने वाली मौतों को कम करने में बड़ी भूमिका निभाई है। इनकी संख्या 2013 में 26 थी जो 2024 में घटकर 12 रह गई है यानि 50 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है।[viii] सिलीगुड़ी कॉरिडोर केवल सुरक्षा के लिहाज़ से मुश्किल अड़चन नहीं है, बल्कि यह साबित कर रहा है कि भारी सामान की ढुलाई वाली कनेक्टिविटी और जीवंत, फलते– फूलते वन्यजीव गलियारे एक ही नक्शे पर आसानी से साथ– साथ चल सकते हैं।[ix]
एक ही, जाम वाले राजमार्ग की पुरानी तस्वीर की जगह अब अत्याधुनिक कनेक्टिविटी प्रणाली ले रही है। एनएचएआई (NHAI) और एनएचआईडीसीएल (NHIDCL) जैसी केंद्रीय एजेंसियों को महत्वपूर्ण हाईवे नेटवर्क सौंपने से इस इलाके की बुनियादी ढांचे में तेज़ी से बदलाव आएगा। इससे पुराने जाम वाले रास्ते सिलीगुड़ी को जोड़ने वाले आसान व्यापार गलियारे में बदल जाएंगे और व्यापार का दायरा बढ़ेगा। इस इलाके के लिए एक और बहुत बड़ी योजना वाराणसी– सिलीगुड़ी द्रुत–गति रेल परियोजना है। एक ऐसा विकास जो दूरियों को कम करने का वादा करता है जिससे यह इलाका राष्ट्रीय राजधानी से संभावित रूप से केवल छह घंटे की दूरी पर आ सकता है।[x]
इसलिए, यह विकास केवल सामान या सैनिकों की आवाजाही तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे उपमहाद्वीप में विचारों, जैविक उत्पादों, हिमालय की स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण– पर्यटन के आदान– प्रदान को भी बढ़ावा देगा। इस प्रकार, सिलीगुड़ी भारत के ‘एक्ट ईस्ट’ विज़न के मुख्य केंद्र और महत्वपूर्ण आर्थिक हब के रूप में सफलतापूर्वक विकसित हो रहा है।
निष्कर्ष
आखिर में, सिलीगुड़ी कॉरिडोर को अब केवल भारत के सबसे संवेदनशील भौगोलिक संकरे मार्ग के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। बल्कि, इसे दक्षिण एशिया में कनेक्टिविटी, पर्यावरण की देखभाल, सांस्कृतिक मेलजोल और आर्थिक मौकों के सबसे महत्वपूर्ण कॉरिडोर में से एक के रूप में पहचान मिलनी चाहिए। इस इलाके के अनुभव– जैसे समुदाय के नेतृत्व वाली चाय अर्थव्यवस्था, वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बुनियादी ढांचा और बेहतर होती कनेक्टिविटी नेटवर्क, यह दिखाते हैं कि विकास और संरक्षण एक– दूसरे के विरोधी होने की बजाय एक– दूसरे को मज़बूत बना सकते हैं।
संभव है भौगोलिक स्थिति ने कुछ कमियां पैदा की हों लेकिन नवाचार, समुदाय की भागीदारी और भविष्य को ध्यान में रखकर बनाई गई अवसंरचनाओं की वजह से सिलीगुड़ी कॉरिडोर भारत की सबसे मज़बूत रणनीतिक संपत्तियों में से एक बनता जा रहा है। भारत केवल एक इलाके को सुरक्षित नहीं कर रहा है, बल्कि एक समृद्ध भविष्य के लिए मज़बूत और टिकाऊ गेटवे भी तैयार कर रहा है।
*****
*लंका इशिता, भारतीय वैश्विक परिषद, नई दिल्ली में शोध प्रशिक्षु हैं।
अस्वीकरण : यहां व्यक्त किए गए विचार निजी हैं।
डिस्क्लेमर: इस अनुवादित लेख में यदि किसी प्रकार की त्रुटी पाई जाती है तो पाठक अंग्रेजी में लिखे मूल लेख को ही मान्य माने ।
अंत टिप्पण:
[i] Aditya Kant Ghising, “The Siliguri Corridor: A Historical Analysis of Geo-Political Vulnerability in Eastern India,” International Journal of Social Science and Human Research 7, no. 4 (2024): 217–222.
[ii] Dilip Gogoi, Making of India’s Northeast: Geopolitics of Borderland and Transnational Interactions (London: Routledge, 2019), 112–115.
[iii] M. P. Verma, The TeaTotaler: Reminiscences of a Tea Planter (Chennai: Notion Press, 2024), 89–94.
[iv] Botanical Survey of India, Flora of Mahananda Wildlife Sanctuary, Darjeeling District, West Bengal (Kolkata: Ministry of Environment, Forest and Climate Change, 2023), 14–22.
[v] “Government Measures to Prevent Elephant-Train Collisions: Gajraj Suraksha,” PMF IAS Current Affairs, last modified December 22, 2025, pmfias.com.
[vi] “India Achieves Milestone in Wildlife Safety via Optical Fibre Sensing,” Pune Mirror, last modified January 24, 2026, facebook.com.
[vii] Dipanwita Dasgupta, The Ravaged Paradise: Environmental History of Colonial Darjeeling Himalaya (1835–1947) (New Delhi: Manohar Publishers, 2023), 112–120.
[viii] “NFR Technology Infrastructure Saves Over 160 Elephants in 2025,” All India Radio News, Facebook, January 2026, facebook.com.
[ix] A. Chakraborty, “The Siliguri Corridor in Geostrategic Perspective: Security Imperatives and the Politics of Connectivity in South Asia,” The Critical Review of Social Sciences Studies 9, no. 2 (2026): 134–141.
[x] “Delhi to Siliguri in 6 Hours? Railways Have a Rs 16 Lakh Crore Bullet Train Plan,” The Economic Times, June 13, 2026, economictimes.com.