
श्रीमती नूतन कपूर महावर, कार्यवाहक महानिदेशक और अपर सचिव, आईसीडब्ल्यूए
श्रीमती नूतन कपूर महावर एक भारतीय राजनयिक हैं। वर्ष 1996 में ये भारतीय विदेश सेवा में शामिल हुईं थीं। वर्तमान में ये नई दिल्ली स्थित भारत के सबसे पुराने और अग्रणी विदेश नीति विचारमंच भारतीय वैश्विक परिषद (आईसीडब्ल्यूए/ ICWA) में कार्यवाहक महानिदेशक और अपर सचिव के रूप में कार्यरत हैं। अपने वर्तमान कार्यभार में, वह अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर भारत के विचारों को आकार देने वाली परिषद की असंख्य गतिविधियों का संचालन करतीं हैं और भारतीय विदेश नीति की रूपरेखा तैयार करने में योगदान देती हैं। इन गतिविधियों में वार्ताओं और चर्चाओं का आयोजन, विदेशी गणमान्य अतिथियों के व्याख्यान एवं वार्ता, अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ संवाद, विश्वविद्यालयों एवं विचारमंचों तक राष्ट्रीय पहुँच बनाना, परिषद के विभिन्न प्रकाशन एवं आंतरिक अनुसंधान संकाय और बाहरी विशेषज्ञों द्वारा परिषद के शोध कार्यों का प्रबंध करना शामिल है।
अपनी नौकरी के 29 वर्षों के दौरान, श्रीमती नूतन कपूर महावर ने वैश्विक शासी संस्थाओं के कामकाज में विशेषज्ञता हासिल की है। इन्होंने संयुक्त राष्ट्र और जिनेवा स्थित अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों में भारत के स्थायी मिशन में भी काम किया है। इन्होंने मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास में दो बार सेवा दी है और भारतीय विदेश सेवा में रूसी मामलों की विशेषज्ञ मानी जाती हैं। नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय में उन्होंने पश्चिमी यूरोपीय देशों के साथ भारत के संबंधों पर काम किया है और संयुक्त सचिव (समन्वय) के रूप में काम किया है।
संयुक्त सचिव (संसद) के रूप में, इन्होंने मंत्रालय के संसदीय कार्यों का निरीक्षण किया और विदेश मामलों की संसदीय समिति एवं अन्य समितियों की सुनवाई, विदेश नीति पर संसदीय बहस और विदेश मामलों की परामर्शदात्री समिति की बैठकों समेत मंत्रालय और संसद के बीच सभी अंतःक्रियाओं का समन्वय किया। श्रीमती नूतन कपूर महावर की दिलचस्पी और विशेषज्ञता का एक प्रमुख क्षेत्र निरस्त्रीकरण और अप्रसार है, इन्होंने इस विषय पर मंत्रालय में चार वर्ष तक डेस्क अधिकारी के रूप में भी काम किया है।
श्रीमती नूतन कपूर महावर ने आईसीडब्ल्यू की कई पुस्तक परियोजनाओं का संपादन भी किया है जैसे; भारत– जापान राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष: चिंतन और भविष्य की राह, जोजिन वी जॉन के साथ सह– संपादन (2023); भारत की विकास साझेदारी: विस्तार का दायरा, ध्रुबज्योति भट्टाचार्जी के साथ सह– संपादन (2023); बदलते विश्व में सुधारित बहुपक्षवाद को आगे बढ़ाना, दीपिका सारस्वत के साथ सह– संपादन (2022); महिलाएं और सत्ता: अंतरराष्ट्रीय संबंधों और कूटनीति में लिंग भेद, अंकिता दत्ता के साथ सह– संपादन (2022); पश्चिमी हिंद महासागर में सड़क, गैस, मसाले: समुद्री विरासत की स्मृति और भू– राजनीति, प्रज्ञा पांडे के साथ सह– संपादन (2022); गांधी और विश्व, ध्रुबज्योकि भट्टाचार्य के साथ सह– संपादन (2022); 1982 यूएनसीएलओएस (UNCLOS): हिंद महासागर के परिप्रेक्ष्य, विजय सखुजा और प्रज्ञा पांडे के साथ सह– संपादन (2021); हिंद– प्रशांत: विस्तारित भूगोल के माध्यम से हिंद महासागर की पुनर्कल्पना, विजय सखुजा के साथ सह– संपादन (2021)।
श्रीमती नूतन कपूर महावर अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर हैं।
श्रीमती नूतन कपूर महावर विवाहित हैं और इनके दो बच्चे हैं।
*****